मुंबई. पिछले सात सत्रों की गिरावट के बाद शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स ने 479.68 अंक की तेजी के साथ 38,623.70 पर कारोबार खत्म किया। इंट्रा-डे में एक बार 38,754.24 तक पहुंच गया था। निफ्टी की क्लोजिंग 170.55 प्वाइंट ऊपर 11,303.30 पर हुई। कारोबार के दौरान 11,342.25 तक पहुंचा था। बाजारों पर कोरोनावायरस के असर से निपटने के लिए दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की ओर से नीतिगत फैसले लेने का भरोसा मिलने के बाद प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी आई। आरबीआई ने भी कहा है कि वह जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार है।
फार्मा इंडेक्स में 5% बढ़त
सेंसेक्स के 30 में से 28 और निफ्टी के 50 में से 48 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एनएसई पर सभी 11 सेक्टर इंडेक्स फायदे में रहे। मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 5.60% तेजी आई। फार्मा इंडेक्स 5.12% बढ़त के साथ बंद हुआ।
सेंसेक्स 480 अंक चढ़ा, निफ्टी में 170 प्वाइंट की तेजी; 8 सत्रों में पहली बार बढ़त के साथ बंद